Punjab Infoline

हिंदी

Mumbai Park Assault: मुंबई के पार्क में तस्वीरें खींच रहे युवक और महिला पर हमला, 8 नाबालिगों के खिलाफ FIR दर्ज

21 Nov, 2026 04:22 PM

Mumbai Park Boy Girl Assault: मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक नगर निगम पार्क में तस्वीरें खींच रहे एक युवक और महिला के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम हुई इस घटना को स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम को कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक नगर निगम पार्क में हुई। एक युवक और महिला वहां तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान आठ से दस नाबालिगों के एक समूह ने कथित तौर पर उनके साथ बहस शुरू कर दी। आरोप है कि समूह ने दोनों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की।

स्थानीय लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया वीडियो

मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया।

घाटकोपर पुलिस ने दर्ज किया मामला

मुंबई पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इन नाबालिगों को 'कानून के साथ संघर्ष की स्थिति में आए किशोर' (Juveniles in Conflict with the Law) बताया है।

माता-पिता और अभिभावकों को नोटिस जारी

पुलिस ने घटना में शामिल पांच नाबालिगों के माता-पिता को नोटिस भी जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के सामने पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Latest News