Punjab Infoline

हिंदी

समाजसेवी कृष्ण कुकरेजा ने निकाली जागरूकता रैली

02 Oct, 2026 01:03 PM

राजपुरा, 2 अक्टूबर(राजेश डैहरा) बहावलपुर महासंघ के प्रधान व समाजसेवी कृष्ण कुकरेजा के नेतृत्व में आज सैकड़ों लोगों ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। यह रैली उनके कार्यालय से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई टालीवाला चौक पर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में शहर की बदहाल व्यवस्था, बिगड़ती कानून व्यवस्था, सीवरेज की समस्या, सड़कों की दयनीय स्थिति और नशामुक्त पंजाब के समर्थन में लिखे स्लोगन थे।

टालीवाला चौक पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृष्ण कुकरेजा ने कहा कि राजपुरा में इस समय शहर की व्यवस्था चरमराई हुई है। बिगड़ती कानून व्यवस्था, बदहाल सीवरेज सिस्टम और टूटी सड़कों जैसी समस्याओं से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि शहर की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोगों को विचार करना चाहिए कि क्या वर्तमान सरकार राजपुरा की समस्याओं का समाधान करने में सफल रही है।

कृष्ण कुकरेजा ने कहा कि वह हमेशा समाजसेवा को प्राथमिकता देते आए हैं और भविष्य में भी जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा श्याम के आशीर्वाद से वह 2027 में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और उनकी लड़ाई ईमानदारी बनाम बेईमानी की होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ईमानदार नेतृत्व को भी एक बार मौका दें, ताकि उन्हें राजपुरा की सेवा करने का अवसर मिल सके।

रैली के दौरान युवाओं और महिलाओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से शहर की समस्याओं को उजागर करते हुए शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कानून व्यवस्था में सुधार, सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़कों की मरम्मत और नशामुक्त पंजाब जैसे मुद्दे रैली के मुख्य केंद्र रहे।

Latest News