नेपाल में बड़ा सड़क हादसा: यात्रियों से भरी इलेक्ट्रिक वैन 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, 10 की मौत, 5 घायल
नेपाल के मकवानपुर जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भीमफेदी नगरपालिका-6 में चिसापानी गढ़ी के पास यात्रियों को लेकर जा रही एक इलेक्ट्रिक वैन (EV) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं।
जानकारी के अनुसार, मधेश प्रदेश 03-001 जे 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही जा रही थी। इसी दौरान वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क पर चिसापानी गढ़ी के पास वैन गहरी खाई में जा गिरी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव शामिल हैं। ये सभी सर्लाही जिले की चक्रघट्टा नगरपालिका-4 के सुंदरपुरटोल के निवासी हैं।
हेटौंडा अस्पताल में भर्ती मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोटें आई हैं, जबकि सक्षम कुमार यादव को अंदरूनी चोटें लगी हैं। दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है। वहीं, तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। उसकी हालत मध्यम बताई गई है।
नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के सह-प्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने बताया कि इस हादसे में कुल 10 लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।