फिल्म ‘रामायण’ ने बनाया नया रिकॉर्ड, महज 12 दिनों में दुनिया भर में 1,400 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार
Ramayana Box Office Collection: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने महज 12 दिनों में दुनियाभर में 1,437.25 करोड़ रुपये की कुल कमाई कर ली है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, यह दुनियाभर में सबसे कम समय में 1,400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है।
इस कमाई के साथ ‘रामायण’ भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। फिल्म ने ‘धुरंधर’, ‘RRR’ और ‘KGF चैप्टर-2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। अब इसका अगला लक्ष्य चौथे स्थान पर मौजूद ‘पुष्पा-2’ है। हालांकि, दोनों फिल्मों की कमाई के बीच अभी 304.85 करोड़ रुपये का अंतर है।
भारत और विदेशों में फिल्म की कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारत में 947.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि विदेशों से 490 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इस तरह दुनियाभर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,437.25 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 792.60 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
12वें दिन फिल्म की कमाई में 57 फीसदी गिरावट
दिवाली की छुट्टियां खत्म होने के बाद फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली है। दूसरे वीकेंड के दौरान अच्छा प्रदर्शन करते हुए फिल्म ने 11वें दिन यानी दूसरे रविवार को भारत में 75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था।
हालांकि, 12वें दिन यानी दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई घटकर 32 करोड़ रुपये रह गई। यह पिछले दिन के मुकाबले करीब 57 फीसदी की गिरावट है।