मथुरा में जीजा ने सालों पर लुटाया प्यार, 1-1 करोड़ रुपये के 100 फीट लंबे नोटों के हार पहनाकर किया स्वागत, वीडियो वायरल

Mathura Viral Marriage Video: शादी के सीजन में आपने अक्सर दूल्हों को फूलों और नोटों के हार पहने देखा होगा, लेकिन मथुरा के सुरीर इलाके में दूल्हों की घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक जीजा ने अपने दो सालों पर इतना प्यार लुटाया कि शादी समारोह में मौजूद लोग देखते रह गए।

जीजा ने अपने दोनों सालों को 1-1 करोड़ रुपये के नोटों से बने विशाल हार पहनाए। 500 रुपये के नए नोटों से तैयार किए गए ये हार करीब 100-100 फीट लंबे बताए जा रहे हैं। इन विशाल हारों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस अनोखी घुड़चढ़ी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।

यह पूरा मामला मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र के नागला फोंडा गांव का है। गांव के निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटों प्रशांत और कान्हा राघव की शादी की रस्मों के तहत शनिवार को घुड़चढ़ी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में मुदसेरस गांव की लड़कियों से होनी थी। इसी दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने अपने सालों को एक खास तोहफा देने का फैसला किया। योगेश कुमार राजस्थान के कामां क्षेत्र के नंदोला गांव के रहने वाले हैं।

हार संभालना भी हुआ मुश्किल

जीजा योगेश कुमार ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बने विशाल हार पहनाए। बताया जा रहा है कि 500 रुपये के नए नोटों से बना प्रत्येक हार करीब 100 फीट लंबा था।

हारों की लंबाई और वजन इतना अधिक था कि कई लोगों को उन्हें संभालने में परेशानी हुई। दोनों दूल्हों को एक मकान की छत पर खड़ा किया गया, जहां उन्हें इन विशाल हारों से सजाया गया। घुड़चढ़ी की रस्म में मौजूद लोगों के लिए यह किसी शाही आयोजन से कम नहीं था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई घुड़चढ़ी की रस्म

गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। करोड़ों रुपये के करेंसी नोटों से बने हारों का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं।

हालांकि, फिलहाल इन हारों में इस्तेमाल की गई नकदी और उसके स्रोत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आयकर विभाग की किसी जांच या कार्रवाई की भी पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद नागला फोंडा में हुई करोड़ों रुपये के हारों वाली इस घुड़चढ़ी की चर्चा मथुरा से लेकर राजस्थान तक हो रही है।