instagram for TV: अब टीवी पर देख सकेंगे Instagram Reels और Stories, जानें कैसे करेगा काम

instagram for TV: अब टीवी पर देख सकेंगे Instagram Reels और Stories, जानें कैसे करेगा काम

Instagram for TV: इंस्टाग्राम पर रील्स और वीडियो देखने का तरीका बदलने वाला है। अब यूजर्स को छोटी वीडियो देखने के लिए मोबाइल फोन की स्क्रीन पर बार-बार स्क्रॉल नहीं करना पड़ेगा। मेटा भारत में टीवी के लिए Instagram लॉन्च कर रहा है। इसके जरिए यूजर्स अपनी पसंदीदा रील्स, स्टोरीज और अन्य पोस्ट बड़ी टीवी स्क्रीन पर देख सकेंगे। खास बात यह है कि परिवार और दोस्त एक साथ इंस्टाग्राम का कंटेंट देख पाएंगे।

मेटा ने मुंबई में आयोजित अपने वार्षिक क्रिएटर्स कार्यक्रम 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम' में इसकी घोषणा की। कंपनी के अनुसार, यह ऐप कुछ दिनों में भारत में उपलब्ध हो जाएगा। मेटा का कहना है कि उसे यूजर्स से लगातार फीडबैक मिल रहा था कि दोस्तों और परिवार के साथ बड़ी स्क्रीन पर क्रिएटर्स के वीडियो देखना, मोबाइल पर अकेले देखने से ज्यादा मजेदार है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने टीवी के लिए इंस्टाग्राम का नया अनुभव तैयार किया है।

मेटा के अनुसार, इसमें लोग एक साथ कंटेंट देख सकेंगे, एक-दूसरे के साथ रिमोट साझा कर सकेंगे और पसंदीदा वीडियो की सिफारिश भी कर सकेंगे।

किन डिवाइस पर चलेगा Instagram for TV?

Instagram for TV का इस्तेमाल चुनिंदा स्मार्ट टीवी और स्ट्रीमिंग डिवाइस पर किया जा सकेगा। यह ऐप Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV को सपोर्ट करने वाले डिवाइस पर उपलब्ध होगा। शुरुआत करने के लिए यूजर्स को अपने टीवी के ऐप स्टोर से इंस्टाग्राम डाउनलोड करना होगा। इसके बाद वे अपने मौजूदा इंस्टाग्राम अकाउंट से लॉगइन कर सकते हैं।

इसके अलावा, मोबाइल ऐप के सेटिंग बुकमार्कलेट से सीधे टीवी अनुभव तक पहुंचने का विकल्प भी होगा। इससे नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

टीवी पर Reels और Stories देखने का मिलेगा विकल्प

भारत में Instagram for TV मुख्य रूप से रील्स और स्टोरीज पर केंद्रित होगा। यूजर्स को अपने प्रोफाइल और मल्टी-पिक्चर पोस्ट में अपलोड की गई तस्वीरें देखने का विकल्प भी मिलेगा। इसकी एक खास सुविधा यह है कि कुछ रील्स को टीवी की चौड़ी स्क्रीन के अनुसार हॉरिजॉन्टल रूप में भी देखा जा सकेगा।

मोबाइल फोन की छोटी स्क्रीन तक सीमित रहने के बजाय वीडियो बड़ी टीवी स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इससे परिवार के लोग अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का कंटेंट एक साथ देख सकेंगे।

टीवी रिमोट से कंट्रोल होंगी Reels

टीवी पर इंस्टाग्राम चलाने का तरीका मोबाइल से थोड़ा अलग होगा। यूजर्स को हर वीडियो देखने के बाद अगली रील तक पहुंचने के लिए स्क्रॉल नहीं करना पड़ेगा। रील्स एक के बाद एक अपने आप चलेंगी। दर्शक टीवी रिमोट की मदद से वीडियो को कंट्रोल कर सकेंगे।

हालांकि, ऐप के वर्जन के आधार पर ऑटो-स्क्रॉलिंग के कंट्रोल अलग-अलग हो सकते हैं। इससे टीवी पर वीडियो देखने का अनुभव अन्य मनोरंजन ऐप्स जैसा हो जाएगा।