शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी गाड़ी, मां-बेटे समेत 5 की मौत

शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी गाड़ी, मां-बेटे समेत 5 की मौत

हादसे में एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल; प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये की फौरी राहत दी

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टिक्कर तहसील के दरोटी गांव के पास हुआ, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। मृतकों में मां-बेटे के अलावा तीन नेपाली नागरिक शामिल हैं।

मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, हादसे में दरोटी गांव निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद की जान चली गई। इनके अलावा तीन नेपाली नागरिकों की भी दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी पहचान निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम के रूप में हुई है।

एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद दरोटी गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।

एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल

दुर्घटना में एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये की राहत

टिक्कर की तहसीलदार प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। प्रशासन के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांचों लोगों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अन्य सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया भी जारी है।