मिस्र में तेल टैंकर में भीषण धमाका, आग की चपेट में आकर 31 लोगों की मौत, 21 घायल

मिस्र में तेल टैंकर में भीषण धमाका, आग की चपेट में आकर 31 लोगों की मौत, 21 घायल

मिस्र की राजधानी काहिरा के रिंग रोड पर एक तेल टैंकर में हुए भीषण हादसे के बाद आग लगने से कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। धमाके के बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास के दो दर्जन से अधिक कारों और मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार तेल टैंकर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और हाईवे पर पलट गया। इसके बाद धमाका हुआ और देखते ही देखते भीषण आग लग गई।

39 एंबुलेंस की मदद से चलाया गया बचाव अभियान

दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

घायलों को जायेद स्पेशलाइज्ड, इमबाबा जनरल और वाराक सेंट्रल अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की गई थीं।

हादसे में 31 लोगों की मौत

मिस्र के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को काहिरा के पास एक ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद भीषण आग लग गई। रात के समय आसमान में आग की ऊंची लपटें दिखाई दीं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई और 21 लोग घायल हुए। आग की चपेट में आने से दो दर्जन से अधिक कारें और मोटरसाइकिलें जल गईं।

यह हादसा काहिरा के इमबाबा उपनगर के वाराक इलाके में हुआ। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गीजा के अल-वाराक जिले में एक सुरंग के ऊपर आग लगी। रिंग रोड ग्रेटर काहिरा के प्रमुख हाईवे को जोड़ता है। यह काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है।

घटना के वीडियो फुटेज में हाईवे पर कई वाहनों को आग की लपटों में घिरा देखा गया। आसमान में घना धुआं उठ रहा था। बचावकर्मियों ने जले हुए वाहनों से पीड़ितों को बाहर निकाला, जबकि दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। घटना स्थल के पास सैकड़ों लोग जमा हो गए थे।

मिस्र के राष्ट्रपति ने जताया दुख

हादसे के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया। आग कई कारों तक फैल गई थी। घटना के बाद आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने बयान जारी कर हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवारों के साथ दुख साझा किया।

गौरतलब है कि इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। वहां बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई थी।