दिल्ली की गफ्फार मार्केट की दुकान में भीषण आग, दमकल की टीमें मौके पर; नरेला की फैक्ट्री में भी लगी आग
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
दिल्ली की गफ्फार मार्केट की दुकान में भीषण आग, दमकल की टीमें मौके पर; नरेला की फैक्ट्री में भी लगी आग
दिल्ली की गफ्फार मार्केट में गुरुवार देर रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की यह घटना मार्केट की ‘चेन वाली गली’ में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के साथ राहत कार्य शुरू कर दिया।
दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
नरेला औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भी लगी आग
दिल्ली में आग लगने की एक अन्य घटना गुरुवार सुबह उत्तरी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र (Narela Industrial Area) में सामने आई। यहां एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।
फायर विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 9:05 बजे मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग ने तुरंत 10 फायर टेंडर मौके पर रवाना किए। दमकलकर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में आग से हुई थी चार लोगों की मौत
दिल्ली में आग की ये घटनाएं मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र की एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग के कुछ दिन बाद हुई हैं। उस घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।