राजपुरा में टीडीए ग्रुप की अनूठी पहल, फव्वारा चौक पर 500 आईएसआई मार्का हेलमेट किए वितरित
- राष्ट्रीय
- 16 Jan, 2026 01:07 PM (UTC)
राजपुरा,16 जनवरी (राजेश डैहरा)
सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज राजपुरा में टीडीए ग्रुप के सेलिंग ग्रुप की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। टीडीए ग्रुप की सेलिंग टीम के सदस्यों सौरभ, अतुल, प्रशांत, विकास, रवि, मिकी ग्रोवर सहित अन्य सदस्यों ने राजपुरा के फव्वारा चौक पर लगभग 500 आईएसआई मार्का हेलमेट मुफ्त में वितरित किए।
इस अवसर पर टीडीए ग्रुप के प्रतिनिधि सौरभ ने बताया कि राजपुरा में अधिकतर लोग दोपहिया वाहन गलत तरीके से चलाते हैं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि शहर में बहुत कम लोग हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाते नजर आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए टीडीए ग्रुप की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है।
सौरभ ने आगे बताया कि यह कार्यक्रम फ्री ऑफ कॉस्ट है और इससे पहले भी दो बार हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। टीडीए ग्रुप हर तीन से चार महीने में इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक वीक के चलते सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान और भी जरूरी हो जाता है।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज गुरबचन सिंह भी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे, जिनके सहयोग से हेलमेट वितरण का यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हेलमेट जरूर पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।